Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 05 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
कोर्ट में तारीख करने जा रहे पिता-पुत्र पर हमला, सरिया-लाठियों से जमकर पीटा; दोनों की हालत गंभीर

मथुरा के थाना गोवर्धन क्षेत्र में सोमवार को कोर्ट में तारीख करने जा रहे पिता-पुत्र पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। माधुरी कुंड के समीप आरोप है कि नामजद लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से पिता-पुत्र को जमकर पीटा। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावर दोनों को पीटते रहे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को मथुरा जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के संबंध में माधुरी कुंड निवासी नेत्रपाल ने नामजद लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। नेत्रपाल के मुताबिक, दूसरे पक्ष के लोगों के साथ एससी-एसटी का मामला कोर्ट में विचाराधीन है और सोमवार को इसी मामले में तारीख करने के लिए वह अपने 58 वर्षीय पिता नेनुआ पुत्र भंवर सिंह और चचेरे भाई बृजमोहन के साथ मोटरसाइकिल से माधुरी कुंड से अड़ींग होते हुए मथुरा जा रहे थे।

आरोप है कि इसी दौरान नामजद लोगों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और सरिया तथा लाठियों से हमला कर दिया। मारपीट में नेनुआ और नेत्रपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

फिलहाल दोनों घायलों का मथुरा जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Previous News

मथुरा में 7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’, 12 मंडलों में होगी बाइक रैली

Next News

आगरा मंडल के रेलवे स्टेशनों पर पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच, सफाई और कीटाणुशोधन अभियान जारी