Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 05 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मिशन शक्ति अभियान के तहत जमुनापार पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के तहत मथुरा पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना जमुनापार की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपाय, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस ने महिलाओं को समझाया कि सार्वजनिक स्थान, बस, बाजार या रास्ते में किसी मनचले अथवा शोहदे द्वारा छेड़खानी किए जाने पर डरने या चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लें।

पुलिस टीम ने महिलाओं को वीमेन पावर लाइन 1090 और थाना स्तर पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में 112 पुलिस आपातकालीन सेवा का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

सोशल मीडिया को लेकर भी किया जागरूक

मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को व्हाट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। पुलिस ने अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क, संदिग्ध लिंक, फर्जी अकाउंट और निजी जानकारी साझा करने से बचने के लिए जागरूक किया।

इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं।

पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़खानी, उत्पीड़न, साइबर अपराध या आपात स्थिति में बिना किसी डर के पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन की मदद ली जा सकती है।

मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और किसी भी अपराध के खिलाफ आवाज उठाने के लिए आत्मविश्वास प्रदान करना है।

 
Previous News

कृष्णा नगर पुलिस चौकी प्रभारी संजीव सिंह ने कोतवाली पुलिस के साथ किया फ्लैग मार्च

Next News

राया में मिशन शक्ति अभियान, महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक