गोवर्धन। अड़ींग गांव के पंचायत घर में समाजसेवी गुलाब सिंह उर्फ गब्बर सैनी के सहयोग से भक्ति वेदांत आई हॉस्पिटल, बरसाना की ओर से निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अड़ींग सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी आंखों की जांच कराने पहुंचे।
शिविर में चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों की निशुल्क नेत्र जांच की। जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। वहीं, जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए। इसके अलावा आंखों से संबंधित अन्य आवश्यक जांच और चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर निशुल्क नेत्र जांच और चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाया। इस दौरान ग्रामीणों में शिविर को लेकर उत्साह देखने को मिला।
आयोजकों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह के निशुल्क शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर आंखों की जांच कराने की अपील की।