Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 03 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
आगरा के पॉश कमला नगर में सांपों का खौफ, पार्क में निकल रहे सांप; बच्चों ने जाना किया बंद

आगरा के कमला नगर की पॉश कॉलोनी ई-ब्लॉक में इन दिनों एक पार्क स्थानीय लोगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। पार्क में आए दिन सांप दिखाई देने की बात सामने आने के बाद कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। झाड़ियों और ऊंची घास के बीच सांप छिपे होने की आशंका के चलते अभिभावक अपने बच्चों को पार्क में भेजने से बच रहे हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले यह पार्क बच्चों के खेलने और बुजुर्गों के टहलने के लिए कॉलोनी की प्रमुख जगहों में शामिल था, लेकिन अब सांपों के खौफ के चलते पार्क में लोगों की आवाजाही लगातार कम हो रही है। खासकर शाम ढलते ही पार्क में सन्नाटा नजर आने लगता है। टहलने के लिए आने वाले लोग भी अब दूसरे स्थानों का रुख करने को मजबूर हैं।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि पार्क में लंबे समय से नियमित साफ-सफाई और झाड़ियों की कटाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पार्क में घास और झाड़ियां बढ़ने के कारण सांपों के छिपने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पार्क की सफाई और झाड़ियों की कटाई नहीं कराई गई तो किसी अप्रिय घटना का खतरा पैदा हो सकता है।

लोगों के मुताबिक, बच्चों को पार्क में खेलने से रोकना पड़ रहा है, जबकि बुजुर्ग भी शाम के समय पार्क में जाने से कतरा रहे हैं। कॉलोनीवासियों ने संबंधित जिम्मेदार विभाग से पार्क की तत्काल सफाई कराने, ऊंची घास और झाड़ियों की कटाई कराने के साथ ही नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस पार्क को स्वस्थ वातावरण, बच्चों के खेल और लोगों की सैर के लिए विकसित किया गया है, अगर वही जगह डर का कारण बन जाए तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। अब देखना होगा कि लोगों की शिकायत के बाद संबंधित विभाग पार्क की सफाई और रखरखाव को लेकर कब तक कार्रवाई करता है।

Previous News

ड्राई डे पर वर्दीधारी पुलिसकर्मी का नशे में वीडियो वायरल, शास्त्रीपुरम गोल चक्कर के पास का बताया जा रहा वीडियो

Next News

साबरमती एक्सप्रेस में जहरखुरानी का 24 घंटे में खुलासा, यात्री को नशीला पदार्थ खिलाकर सामान चोरी करने वाला गिरफ्तार