मथुरा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत मथुरा टोल प्लाजा परिसर में स्वच्छता शपथ एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस वर्ष स्वच्छता पखवाड़े की थीम “स्वच्छता में सहभागिता; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है।
यमुना एक्सप्रेसवे के GM (O&M) आनंद बृजराज सिंह एवं AGM मथुरा टोल प्लाजा भरत सिंह राठौर के निर्देशन में आयोजित अभियान में टोल प्लाजा की टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कर्मचारियों ने परिसर में साफ-सफाई करते हुए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
कर्मचारियों ने ली स्वच्छता की शपथ
अभियान के दौरान टोल प्लाजा कर्मचारियों ने स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित कार्यस्थल बनाए रखने और स्वच्छता को अपनी दैनिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की शपथ ली। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन तक सीमित रहने वाला अभियान नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की नियमित जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से ही स्वच्छ और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना होगा।
इस अवसर पर टोल प्लाजा टीम ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और अपने कार्यस्थल को हमेशा स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने का संकल्प दोहराया।