मथुरा, 02 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित स्वच्छता वाटिका में महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण कर श्रद्धा और कृतज्ञता के साथ नमन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी का संपूर्ण जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग, सादगी, स्वच्छता और मानव सेवा के आदर्शों से प्रेरित रहा। उनके विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी माना। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उनका जीवन सादगी, ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का उदाहरण है। उनका प्रसिद्ध आह्वान “जय जवान, जय किसान” देश की सुरक्षा और कृषि क्षेत्र के महत्व को दर्शाता है।
डीएम ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन प्रत्येक लोकसेवक के लिए प्रेरणास्रोत है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए तथा आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यस्थल पर अनुशासन, समयबद्धता और सकारात्मक कार्य संस्कृति अपनाने की अपील की गई। साथ ही कार्यालय में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्या, अपर जिलाधिकारी न्यायिक वेद प्रिय आर्य, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर साक्षी शर्मा सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।