मथुरा में श्री अग्रवाल सभा द्वारा श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव-2026 के अवसर पर आठ दिवसीय अग्र महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव की शुरुआत 8 अक्टूबर को नर सेवा के साथ होगी, जबकि 15 अक्टूबर को बॉलीवुड कलाकार पलक मुच्छल की विशेष प्रस्तुति के साथ इसका समापन होगा।
प्रेसवार्ता में मीडिया प्रभारी सचिन धींगरा वाले, मुख्य चुनाव अधिकारी एवं मेला संरक्षक जयन्ती प्रसाद अग्रवाल और प्रधानमंत्री सुभाष चंद्र अग्रवाल ने महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी दी।
आयोजकों के अनुसार 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वृद्धाश्रम में रहने वाली महिलाओं को वस्त्र और खाद्य सामग्री वितरित की जाएगी। इसके बाद अग्रवाटिका स्थित सरस्वती कुंड पर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
9 अक्टूबर को तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला में नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। इसी दिन अग्रवाटिका में दिव्यांग सेवा शिविर और रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। शाम को यमुना पार अग्रसेन घाट पर दीपदान कार्यक्रम भी रखा गया है।
महोत्सव में महिला समिति की ओर से रंगारंग मंचीय कार्यक्रम और संदेशात्मक नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं मुंबई का प्रसिद्ध रॉक बैंड भजन-जैमिंग के जरिए धार्मिक भजनों की आधुनिक प्रस्तुति देगा।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 12 अक्टूबर को निकलने वाली भव्य अग्रसेन शोभायात्रा होगी। शोभायात्रा शाम 4 बजे चम्पा अग्रवाल इंटर कॉलेज, भरतपुर गेट से शुरू होकर घीया मंडी, चौक बाजार, विश्राम बाजार और छत्ता बाजार होते हुए होली गेट पहुंचेगी। यहां तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला समिति की ओर से महाराजा अग्रसेन एवं राजकुमारों के स्वरूपों का स्वागत और सम्मान किया जाएगा। इसके बाद अवसर पैलेस, होलीगेट पर सहभोज का आयोजन होगा।
शोभायात्रा में 18 राजकुमार स्वरूपों के साथ अग्रसेन स्वरूप तथा माता लक्ष्मी, माता सरस्वती और देवी दुर्गा के स्वरूपों को सम्मानित किया जाएगा।
वहीं 13, 14 और 15 अक्टूबर को बीएसए डिग्री कॉलेज में विशाल अग्रसेन मेले का आयोजन होगा। मेले के पहले दिन सम्मान समारोह के बाद विराट कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के प्रसिद्ध कवि शामिल होंगे। अंतिम दिन बॉलीवुड कलाकार पलक मुच्छल की विशेष प्रस्तुति महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।