Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 30 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

मथुरा। सुरीर में मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत बुधवार को थाना सुरीर के समीप ओहावा रोड पर मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में चलाया गया।

पुलिस टीम में महिला एसआई दिव्या कुमारी, कांस्टेबल टीना कुमारी और बृक्षा कुमारी शामिल रहीं। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी।

महिलाओं को बताया गया कि सार्वजनिक स्थानों, बसों या रास्तों में छेड़खानी अथवा उत्पीड़न की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। इस दौरान 1090 वीमेन पावर लाइन और थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। साथ ही यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।

पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी। इनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 और 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं।

पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में बिना डरें तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करें।

Previous News

11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, पांच घंटे जाम

Next News

कांशीराम कॉलोनी के लोगों को उजाड़ने का आरोप, माले ने डीएम से लगाई गुहार