मथुरा में मंगलवार की शाम बाबा खाटू श्याम की भक्ति में श्रद्धालु सराबोर नजर आए। मसानी बायपास लिंक रोड स्थित एक स्थानीय होटल में श्री श्याम लाडला परिवार के तत्वावधान में “एक शाम खाटू के नाम” भव्य श्याम संकीर्तन एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन किए और सुख-शांति, समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
आयोजन के दौरान बाबा श्याम का मनमोहक श्रृंगार किया गया। इसके बाद बाबा श्याम को यमुना में नौका विहार कराया गया। वहीं, दीपदान महोत्सव में भी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यमुना तट पर जगमगाते दीपों और श्याम नाम के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
भजन संध्या में भजन गायकों ने बाबा खाटू श्याम के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नाचते नजर आए।
आयोजकों ने बताया कि बाबा श्याम की कृपा और भक्तों के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। अंत में श्रद्धालुओं ने बाबा खाटू श्याम से सभी के सुख, शांति और मंगल की प्रार्थना की।