मथुरा। साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा को लेकर मंगलवार को डेम्पियर नगर स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में वृहद साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन आगरा ने की। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश साइबर मुख्यालय से आमंत्रित साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन रहे। उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते तरीकों और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित इस्तेमाल करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों को ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यशाला में जनपद न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, एसपीओ समेत सभी थानों के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। इसके अलावा व्यापार मंडल, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोग और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में करीब 1000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण गुर सीखे। कार्यशाला का उद्देश्य आमजन और पुलिसकर्मियों को साइबर अपराधों की पहचान, उनसे बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना रहा।