मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के द्वितीय चरण के तहत थाना राया की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी। महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि बस, रास्ते या सार्वजनिक स्थान पर छेड़खानी की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लें।
पुलिस टीम ने 1090 वीमेन पावर लाइन पर शिकायत करने और जरूरत पड़ने पर थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने के लिए जागरूक किया। साथ ही महिलाओं को व्हाट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने उनसे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और परिवार व आसपास के लोगों को भी नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
मिशन शक्ति टीम ने महिला सुरक्षा और आपात स्थिति में उपयोगी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी भी दी। इनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं।
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़खानी, अपराध या साइबर संबंधी घटना होने पर बिना डर के तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें।