मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के द्वितीय चरण के तहत मंगलवार को थाना मांट पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने महिला एवं बालिकाओं को सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में आयोजित जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला संबंधी अपराधों से बचाव और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं से कहा कि सार्वजनिक स्थानों, बसों या रास्तों में छेड़खानी जैसी घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लें।
महिलाओं को 1090 वीमेन पावर लाइन और थाने में शिकायत दर्ज कराने के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
पुलिस टीम ने विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी, जिनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं।
पुलिस ने महिलाओं से किसी भी तरह की परेशानी या अपराध की स्थिति में बिना डर के तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस से संपर्क करने की अपील की।