फरह (मथुरा)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेले की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता ने शनिवार को दीनदयाल धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
सीडीओ ने मेला स्थल, मुख्य मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने 7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय मेले को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पूजा गुप्ता ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम, विचार गोष्ठी और अन्य आयोजनों की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी प्रवीन कुमार झा, डीपीआरओ धनंजय जायसवाल सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।