वृंदावन। कांशीराम आवासीय कॉलोनी में जर्जर और खतरनाक घोषित भवनों को खाली कराने के लिए नगर निगम द्वारा जारी नोटिस के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बेघर होने की आशंका से नाराज निवासियों ने सोमवार को नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले करीब दस वर्षों से कॉलोनी में रह रहे हैं और उनके पास मकानों के वैध आवंटन पत्र हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन उन्हें बेदखल कर छोटे फ्लैटों में स्थानांतरित करने का प्रयास कर रहा है, जिसे वे स्वीकार नहीं करेंगे।
कॉलोनी निवासी मीरा देवी, विशाखा दास और तरुण कृष्ण शास्त्री ने मांग की कि प्रशासन पहले उन्हें वैकल्पिक आवास का लिखित आवंटन पत्र दे। उनका कहना है कि बिना ठोस लिखित आश्वासन के वे किसी भी स्थिति में अपने घर खाली नहीं करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नगर निगम से पुनर्वास की स्पष्ट नीति और प्रभावित परिवारों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।