वृंदावन के चीर घाट पर नाविकों के साथ हुई मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में निषाद पार्टी ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने पीड़ित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार निषाद के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि 15 सितंबर को चीर घाट पर नाविक राजेंद्र निषाद और उनके साथियों पर हमला किया गया था।
राजेंद्र निषाद की तहरीर पर वृंदावन थाने में एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें प्रियांशु जादौन और उसके साथियों को नामजद किया गया है। पार्टी का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
निषाद पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि नामजद आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, पीड़ित परिवारों को सुरक्षा प्रदान की जाए और मामले में प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।