मथुरा (वृंदावन)। थाना वृंदावन पुलिस ने चोरी के सामान के साथ घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध चाकू, चोरी का मोबाइल फोन, पर्स और नकदी बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की शाम करीब 7:17 बजे मालीपाड़ा गली से गौतमपाड़ा की ओर गश्त के दौरान पुलिस ने बिरजू उर्फ बृजकिशोर (40 वर्ष) निवासी गोरा नगर, वृंदावन को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध चाकू तथा चोरी का रेडमी मोबाइल फोन बरामद हुआ।
इसके अलावा आरोपी के पास से एक पर्स भी मिला, जिसमें बिहार निवासी कमलेश पाण्डेय के आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, यस बैंक का एटीएम कार्ड तथा ₹570 नकद बरामद हुए।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना वृंदावन में मुकदमा संख्या 651/2026 के तहत धारा 317(5) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से बरामद सामान के संबंध में आगे की जांच कर रही है।