शाहजहांपुर के 136 ददरौल विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुनौरा अजमतपुर, विकासखंड ददरौल में ग्रामीणों को आवागमन की एक बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र के विधायक अरविंद कुमार सिंह ने अजीजपुर से सुनौरा होते हुए नवदिया मोड़ तक बनने वाली लगभग 1700 मीटर लंबी सड़क का विधिवत शिलान्यास किया। इस मार्ग का निर्माण होने से आसपास की कई ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही यह सड़क तिलहर की ओर आने-जाने वाले लोगों के सफर को भी बेहद सुगम और आसान बनाने में मददगार साबित होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी, लेकिन इसके बावजूद विधायक अरविंद कुमार सिंह ग्रामीणों के बीच पहुंचे। उन्होंने हाथ में छाता लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली। बारिश के बीच विधायक द्वारा लोगों से मिलने की तस्वीरें और वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, बारिश के बावजूद जनप्रतिनिधि का जनता के बीच पहुंचना सराहनीय है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए विधायक अरविंद कुमार सिंह का आभार व्यक्त किया। लोगों को उम्मीद है कि सड़क का निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा होगा और क्षेत्र की जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।