मथुरा। शहर मथुरा में 11वीं शरीफ का पर्व शनिवार को पूरे अकीदत, एहतराम और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। कच्ची सड़क स्थित बैरागपुरा की मदीना मस्जिद सहित शहर की विभिन्न मस्जिदों में हजरत गौस-ए-पाक शेख अब्दुल कादिर जिलानी की याद में मिलाद शरीफ, महफिल-ए-जिक्र और नियाज़-फातिहा का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत कर देश में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी।
धार्मिक आयोजन के दौरान उलेमाओं ने हजरत गौस-ए-पाक की जीवन शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए इंसानियत, सेवा, करुणा और नेक रास्ते पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा और जरूरतमंदों की मदद करना ही उनकी शिक्षाओं का मूल संदेश है।
मदीना मस्जिद, बैरागपुरा के इमाम मुजीर-उल-रहमान एवं मोहम्मद दिलशाद ने बताया कि 11वीं शरीफ के मौके पर अकीदतमंदों ने नियाज़-फातिहा दिलाई और हजरत गौस-ए-पाक को ख़िराज-ए-अकीदत पेश किया। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और मानवता की सेवा को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की।