Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 24 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में इफको का जिला सहकारी सम्मेलन: नैनो उर्वरकों के प्रचार-प्रसार और सहकारी समितियों की भूमिका पर जोर

जनपद मथुरा में इफको के तत्वावधान में जिला सहकारी सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र और इफको के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य नैनो उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देना, किसानों को वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना तथा सहकारी समितियों की भूमिका को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक सहकारिता आगरा मंडल आदित्य कुमार दुबे रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अभिषेक मिश्रा, जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार, इफको राज्य विपणन प्रबंधक यतेंद्र तेवतिया, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. योगेश कुमार शर्मा सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्मेलन का शुभारंभ उप क्षेत्र प्रबंधक इफको मथुरा सतवीर सिंह ने अतिथियों के स्वागत के साथ किया। उन्होंने जनपद में आयोजित किसान सभाओं, फील्ड डेमोंस्ट्रेशन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा नैनो यूरिया की वर्तमान बिक्री और आगामी विपणन योजना की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सहकारी समितियों को दिए जा रहे मार्जिन एवं प्रोत्साहन योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।

मुख्य प्रबंधक इफको डॉ. प्रहलाद सिंह ने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग, उनके लाभ तथा फील्ड परीक्षणों के सकारात्मक परिणाम साझा किए। वहीं जिला कृषि अधिकारी ने जनपद में यूरिया और डीएपी की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए किसानों को पारंपरिक उर्वरकों के साथ नैनो उर्वरकों के संतुलित उपयोग के लिए प्रेरित किया।

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. योगेश कुमार शर्मा ने वैज्ञानिक खेती में नैनो उर्वरकों की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इनके सही प्रयोग से फसल उत्पादन बढ़ाने के साथ उर्वरकों के दुरुपयोग को भी कम किया जा सकता है।

मुख्य अतिथि आदित्य कुमार दुबे ने सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों तक नैनो उर्वरकों की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं अभिषेक मिश्रा ने किसानों को समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और समितियों की सक्रिय भूमिका पर बल दिया।

राज्य विपणन प्रबंधक यतेंद्र तेवतिया ने सहकारी समितियों से इफको उत्पादों की बिक्री बढ़ाने तथा नैनो उर्वरकों को वैकल्पिक व्यवसाय के रूप में अपनाकर समितियों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम कर किसानों को टिकाऊ एवं वैज्ञानिक कृषि की ओर प्रेरित करना समय की आवश्यकता है।

सम्मेलन में जनपद के सभी सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता), पीसीएफ, कृभको, जिला सहकारी बैंक तथा इफको के विभिन्न इकाइयों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे

Previous News

संस्कृति विवि की फ्रेशर पार्टी 2026: डीजे की धुनों पर देर रात तक झूमे छात्र, रैंप वॉक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

Next News

जानलेवा हमले के मुकदमे में 3 वांछित आरोपी गिरफ्तार