मथुरा। श्री श्याम लखदातार परिवार, मथुरा के तत्वावधान में मंगलवार को मसानी बायपास लिंक रोड स्थित एक स्थानीय होटल में प्रथम भव्य श्याम संकीर्तन एवं नंद उत्सव का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर श्री राधा प्रसाद महाराज एवं महंत श्री मोहिनी शरण महाराज के पावन सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा श्याम के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद देशभर से आए प्रसिद्ध भजन गायक एवं भजन प्रवाहकों ने एक से बढ़कर एक मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। “हारे के सहारे श्याम हमारे” और “खाटू वाले श्याम” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन होकर झूमते रहे। पूरे परिसर में श्याम नाम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
नंद उत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की मनमोहक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। सजीव झांकियों के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और पुष्प वर्षा तथा जयघोष के बीच भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।