राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के एमसीए विभाग में “सेल्सफोर्स मंच में स्वचालन एवं एकीकरण” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें कोडएम सॉफ्टवेयर के सेल्सफोर्स डेवलपर गौरव कुमार सक्सेना ने विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों और उद्योग में उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी।
कार्यशाला में विशेषज्ञ ने फ्लो जैसे लो-कोड टूल्स, म्यूलसॉफ्ट आधारित एपीआई इंटीग्रेशन, ग्राहक संपर्क प्रबंधन (CRM), कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित एजेंट तथा विभिन्न प्रणालियों के स्वचालित समन्वय की तकनीक को उदाहरणों सहित समझाया। उन्होंने बताया कि सेल्सफोर्स शिक्षा और उद्योग दोनों क्षेत्रों में कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और बुद्धिमान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए पुस्तकीय ज्ञान के साथ नवीनतम तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव भी आवश्यक है। वहीं चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं छात्रों की तकनीकी दक्षता, नवाचार क्षमता और रोजगार योग्य कौशल को मजबूत करती हैं।
चित्र कैप्शन: कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को सेल्सफोर्स स्वचालन एवं एकीकरण की जानकारी देते हुए सेल्सफोर्स डेवलपर गौरव कुमार सक्सेना