आगरा। सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को निर्माणाधीन नाले की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य चलाकर मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाले के किनारे निर्माण कार्य के दौरान अचानक दीवार ढह गई। मलबे में दबे मजदूरों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया। घायल मजदूर का उपचार जारी है।
हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।