मांट (मथुरा)। श्री राधारानी के जन्मोत्सव पर राधारानी मानसरोवर स्थित श्री राधारानी मंदिर में रविवार सुबह तड़के 5 बजे मंगला आरती के साथ ही भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। ब्रज ही नहीं, देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने मंगला आरती के दिव्य दर्शन कर राधारानी के श्रीचरणों में सुख, समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिर परिसर सुबह से ही “राधे-राधे” के जयघोष से गूंज उठा।
मंदिर के महंत श्री जगदीश प्रसाद ने बताया कि मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई और पूरे दिन दर्शन का सिलसिला चलता रहा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुचारु दर्शन व्यवस्था में पुलिस एवं प्रशासन का सराहनीय सहयोग रहा, जिससे बड़ी संख्या में भक्तों ने व्यवस्थित रूप से दर्शन किए।
भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर और आसपास की गलियों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें नजर आईं। भक्तों की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा दर्जनों भंडारों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद, शीतल पेय और भोजन वितरित किया गया। पूरे मानसरोवर क्षेत्र में सेवा, श्रद्धा और भक्ति का अनुपम वातावरण बना रहा।
राधारानी के जन्मोत्सव पर मानसरोवर धाम पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा दिखाई दिया। सुबह से शाम तक भजन-कीर्तन, जयकारों और दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ ने ब्रज की धार्मिक परंपरा और राधारानी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया।