हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में रविवार को एक मामूली पार्किंग विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे वाहन खड़ा करने को लेकर दो पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जिसके बाद मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते एक युवक ने अवैध तमंचा निकालकर बीच सड़क पर फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में भगदड़ और दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विवाद के दौरान अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित युवक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।