मथुरा जनपद के थाना गोवर्धन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में एक शातिर अभियुक्त नीरज उर्फ नरेन्द्र (उम्र 41 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। यह मुठभेड़ 20 सितंबर 2026 को देर रात करीब 00:30 बजे बरसाना बाईपास मार्ग पर ई-रिक्शा मार्ग नाले की पुलिया के पास हुई। पुलिस टीम द्वारा रोकने का इशारा करने पर अभियुक्त ने तेज गति से मोटरसाइकिल भगाई, जो अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिससे एक गोली उप-निरीक्षक शरद कुमार त्यागी की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी गोवर्धन भेजा गया।
पकड़ा गया अभियुक्त नीरज उर्फ नरेन्द्र मूल रूप से राल (थाना जैत, मथुरा) तथा हाल निवासी बल्लभगढ़, फरीदाबाद (हरियाणा) का रहने वाला है। उसके पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर, खोखा व जिन्दा कारतूस, दो पीली धातु की चैन, 1,190 रुपये नगद, रेडमी मोबाइल और चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल (UP 80 FE 3996) बरामद हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने एक चैन गोवर्धन और दूसरी वृंदावन परिक्रमा मार्ग से छीनी थी तथा मोटरसाइकिल 15 दिन पूर्व आगरा से चोरी की थी। अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व से 40 से अधिक आपराधिक मामले पंजीकृत हैं।