मथुरा के थाना बलदेव पुलिस ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर महिला को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विपिन कुमार (उम्र करीब 31 वर्ष), पुत्र नन्दराम, निवासी सराय दाऊद, थाना बलदेव, जनपद मथुरा के रूप में हुई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि अभियुक्त ने अपने माता और पिता के साथ मिलकर वादी की बहन को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया और मारपीट की, जिससे तंग आकर पीड़िता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वादी द्वारा 10 सितंबर 2026 को दी गई तहरीर के आधार पर बलदेव थाने में मु0अ0सं0 314/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 80(2), 115(2) एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया था।
बलदेव पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 10 सितंबर 2026 को सुबह 09:30 बजे नंगला मोहन के पास सराय दाऊद जुगसना रोड पर पीपल के पेड़ के पास से वांछित अभियुक्त विपिन कुमार को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी थाना बलदेव में मु0अ0सं0 443/2017 धारा 304, 308, 323, 452 भादवि दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय, थानाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा, उप निरीक्षक प्रशांत माठा, देवदत्त, आलोक कुमार मिश्रा तथा हेड कांस्टेबल कैलाश चंद्र शामिल रहे।