मथुरा के थाना महावन पुलिस ने लक्ष्मण मंदिर से चोरी हुई गाय के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई गाय को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
थाना महावन क्षेत्र के गांव कारव स्थित लक्ष्मण मंदिर से 7 सितंबर को एक गाय चोरी हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नगला लोका डंगा से नगला भम्भू जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद, दौजी और सुशील के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई गाय बरामद कर ली। पूछताछ के बाद तीनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को थाना महावन के प्रभारी निरीक्षक चेतराम शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।