उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री की पहल पर जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली 'संभव' (संतुष्टि एवं समृद्धि) जनसुनवाई के तहत मंगलवार को मथुरा नगर निगम कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में सुबह 10 बजे से अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने जनसुनवाई की। इसके अलावा वृंदावन जोन में सहायक नगर आयुक्त नीरज शर्मा और सिटी जोन के जनरल गंज कार्यालय में अवर अभियंता अजय कुमार ने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी मौके पर मौजूद रहे। भूतेश्वर जोन में कुल सात शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें दो शिकायतें अतिक्रमण, दो लाइट, एक सफाई, एक जलकल और एक निर्माण कार्य से संबंधित थीं। अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही दो शिकायतों का निस्तारण कर दिया। इसमें एक निर्माण और एक लाइट से जुड़ी समस्या शामिल थी।
अपर नगर आयुक्त ने शेष पांच शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। नगर निगम के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि बची हुई शिकायतों पर भी जल्द से जल्द उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।