ब्रज में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की उत्सव श्रृंखला लगातार जारी है। जन्माष्टमी और नंदोत्सव के बाद मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान के समीप मलपुरा स्थित प्राचीन केशव देव मंदिर में कान्हा की छठी पूजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर देहरी पूजन के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का भव्य आयोजन किया गया।
मलपुरा स्थित केशव देव मंदिर में कान्हा की छठी पूजन के अवसर पर सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच गोस्वामी समाज ने मंदिर प्रांगण में देहरी पूजन किया। पूरा परिसर भक्ति और उत्साह के माहौल से सराबोर नजर आया।
छठी पूजन के उपलक्ष्य में आयोजित महाप्रसादी में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया और ठाकुर श्रीकृष्ण के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर इस धार्मिक आयोजन में भाग लिया।
मंदिर पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद नंदोत्सव, छठी पूजन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम परंपरागत रूप से आयोजित किए जाते हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता की।