मथुरा के मांट ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नगला कुसमा की एक महिला कंप्यूटर प्रशिक्षक ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, कंप्यूटर प्रशिक्षक का आरोप है कि प्रधानाध्यापक अक्सर बिना वजह अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध व्यवहार करते हैं। पीड़िता का कहना है कि 3 सितंबर को विद्यालय में मौजूदगी के दौरान भी उनके साथ गाली-गलौज की गई, जिससे उन्हें मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
महिला प्रशिक्षक ने शिकायत में यह भी कहा है कि इस पूरे घटनाक्रम के गवाह विद्यालय के अन्य शिक्षक और कर्मचारी हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल शिकायत बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंप दी गई है। अब विभागीय जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई तय होगी।