श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर पूरे ब्रजमंडल में भक्ति और उल्लास का माहौल है। मथुरा के भूतेश्वर स्थित प्राचीन सिद्ध स्थल बद्रीनाथ धाम मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के 5253वें जन्मोत्सव पर पंचामृत से महाअभिषेक और विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया।
भूतेश्वर के समीप स्थित बद्रीनाथ धाम मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का दूध, दही, घी, शहद और पंचामृत से विधि-विधानपूर्वक महाअभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार कर श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके उपरांत मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
मंदिर के सेवायत पंडित धनेश दत्त ने बताया कि योगीराज भगवान श्रीकृष्ण के 5253वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में यह भव्य आयोजन किया गया है, जिसमें सभी भक्त प्रेम और श्रद्धा के साथ सहभागी बन रहे हैं।