मुंबई के प्रतिष्ठित भारतीय विद्या भवन में आयोजित तृतीय नंदोत्सव भक्ति, संगीत और संस्कृति का अद्भुत संगम बन गया। समन्वय संस्था के इस भव्य आयोजन में देश के प्रख्यात ध्रुपद गायक पंडित सुखदेव चतुर्वेदी ने चौमुखी ध्रुपद और हवेली संगीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रोताओं को कृष्ण भक्ति में सराबोर कर दिया।
समन्वय संस्था द्वारा आयोजित तृतीय नंदोत्सव में अभिनेता टीकू तलसानिया, समाजसेवी एवं कवयित्री डॉ. मंजू मंगल प्रभात लोढ़ा, उद्योगपति सुरेश चतुर्वेदी, अभिषेक चतुर्वेदी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ 20 कलाकारों के सामूहिक ‘मधुराष्टकम्’ गायन से हुआ, जिस पर विदुषी मिनी याज्ञिक कांटावाला ने भावपूर्ण भरतनाट्यम प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
इसके बाद पंडित सुखदेव चतुर्वेदी और उनके 40 कलाकारों के दल ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित हवेली संगीत और विशिष्ट चौमुखी ध्रुपद की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा सभागार भक्तिरस में डूब गया। उनकी शिष्य मंडली—रश्मि शुक्ला, नेहल गांधी, अधिष्ठा, वरुणा, अभिषेक, पौरुषी, पीहू, पंकज और शेखर—ने भी सुरों की इस संध्या को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में बाल कलाकार अमानी चतुर्वेदी ने ‘छोटी गोपी’ के रूप में मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि जानवी जोशी ने प्रभावशाली मंच संचालन किया। समापन पर आयोजक गगन चतुर्वेदी और अधिष्ठा चतुर्वेदी ने कलाकारों, अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।