मथुरा के अति प्राचीन श्री गोपाल पीठ में भगवान श्रीकृष्ण के 5253वें जन्मोत्सव पर चार दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जन्माष्टमी के अगले दिन 5 सितंबर को सैकड़ों वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार भव्य वार्षिक नंदोत्सव भंडारा आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश के गोपाल भक्त शामिल होंगे।
गुरु गद्दी परिवार के सेवायत श्री मकरंद बाबा महाराज ने बताया कि श्री गोपाल पीठ में 3 से 6 सितंबर तक लगातार धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 3 सितंबर को योगमाया जन्मोत्सव, 4 सितंबर की मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव, 5 सितंबर को वार्षिक नंदोत्सव भंडारा और 6 सितंबर को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
मंदिर में जन्माष्टमी की रात ठीक 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के साथ शंख, झांझ, मंजीरे और घंटियों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। मकरंद बाबा ने सभी सनातन धर्मावलंबियों से अपील की है कि वे एक साथ वाद्य बजाकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव मनाएं और एकता का संदेश दें।
उन्होंने बताया कि गोपाल मंदिर का यह वार्षिक नंदोत्सव केवल मथुरा तक सीमित नहीं है, बल्कि मुंबई और दुबई सहित कई स्थानों पर भी गोपाल भक्त इसी परंपरा के साथ उत्सव मनाते हैं।
विशेष बात यह है कि 5 सितंबर को होने वाले भव्य नंदोत्सव भंडारे का लाइव प्रसारण ABHI NEWS पर किया जाएगा, ताकि देश-विदेश में रहने वाले गोपाल भक्त भी इस दिव्य उत्सव का सजीव आनंद ले सकें।