उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के अंतर्गत थाना बलदेव पुलिस ने महिला सशक्तिकरण एवं जनजागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को गुड टच–बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, बसों और रास्तों में छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में डरने के बजाय तत्काल 1090 वीमेन पावर लाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने की सलाह दी गई। इसके अलावा महिलाओं और छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।
पुलिस टीम ने विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की, जिनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपात सेवा, 108/102 एंबुलेंस, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन प्रमुख रूप से शामिल हैं।