उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना सुरीर की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय और महिला संबंधी अपराधों से बचाव की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि बस, रास्तों या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर मनचलों व शोहदों द्वारा छेड़छाड़ की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल 1090 वीमेन पावर लाइन या निकटतम थाने में शिकायत दर्ज कराएं तथा एफआईआर कराने के अपने अधिकार का उपयोग करें।
पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
अभियान में महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102 व 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन सेवा) तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन) की विस्तृत जानकारी भी दी गई।