मथुरा के कोसीकलां में चीनी की उपलब्धता और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को मंडी एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया। मंडी सचिव उमेश कुमार, सप्लाई इंस्पेक्टर मोहन प्रकाश उपाध्याय और मार्केटिंग इंस्पेक्टर विजय कुमार के नेतृत्व में सराय शाही क्षेत्र स्थित करीब पांच गोदामों और दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोदामों में मौजूद चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर अभिलेखों से मिलान किया। जांच में कहीं भी निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण नहीं मिला और सभी स्टॉक नियमों के अनुरूप पाए गए।
टीम ने व्यापारियों को स्टॉक सीमा और भंडारण संबंधी सरकारी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कहीं जमाखोरी या निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक पाया गया तो संबंधित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सप्लाई विभाग के अनुसार भारत सरकार के निर्देशों के तहत आवश्यक वस्तुओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और कीमतों में किसी प्रकार की अनियमितता न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।