गर्भवती पत्नी से “तुम ध्यान रखना, मैं बस जल्दी लौटकर आता हूं” कहकर घर से निकले अलीगढ़ निवासी सुधीर की मथुरा के नौहझील क्षेत्र के बाजना रोड पर दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। कपड़ों की फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाला सुधीर घर का इकलौता कमाने वाला था और कुछ ही दिनों में पिता बनने वाला था।
दिनभर मेहनत-मजदूरी के बाद देर रात घर लौटते समय तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि आर्थिक तंगी के बावजूद सुधीर अपने आने वाले बच्चे के लिए संघर्ष कर रहा था। अब घर में जहां नए मेहमान की खुशियां आने वाली थीं, वहीं इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे मातम में डुबो दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।