मथुरा: सावन मास की हरियाली और उल्लास के बीच डैंपियर नगर स्थित एक स्थानीय होटल में परशुराम शोभा यात्रा समिति महिला मंडल द्वारा प्रथम हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हरे-भरे परिधानों में भाग लेकर तीज पर्व की सांस्कृतिक परंपराओं को उत्साहपूर्वक मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल की जिला प्रभारी ज्योति चतुर्वेदी, जिला अध्यक्ष रश्मि चतुर्वेदी एवं महानगर अध्यक्ष गुंजन शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. राम गोपाल शर्मा, महामंत्री बंसीलाल शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। महिला मंडल की पदाधिकारियों ने अतिथियों का पटुका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
हरियाली तीज महोत्सव के दौरान महिलाओं ने गीत-संगीत, लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मेहंदी, झूला उत्सव और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन स्थल को हरियाली की थीम पर सजाया गया, जिससे सावन का पारंपरिक वातावरण जीवंत हो उठा और महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ पर्व का आनंद लिया।
कार्यक्रम के समापन पर पं. राम गोपाल शर्मा, बंसीलाल शर्मा एवं महिला मंडल की पदाधिकारियों ने बताया कि यह महिला मंडल की प्रथम बैठक और पहला हरियाली तीज महोत्सव है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की सहभागिता को बढ़ावा देने तथा भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे भव्य सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजन निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।