Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 19 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन के बाद दिल्ली की बुजुर्ग महिला की मौत, बिना पोस्टमार्टम शव लेकर लौटे परिजन

रिपोर्ट: राहुल ठाकुर

वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के दर्शन करने आई दिल्ली की 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दर्शन के बाद महिला मंदिर के गेट नंबर 4 के पास अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद मंदिर परिसर में तैनात मेडिकल टीम ने तत्काल महिला की जांच की और एंबुलेंस की मदद से उन्हें वृंदावन के 100 शैय्या अस्पताल भेजा गया।

मृतका की पहचान दिल्ली के 118, मधुवन कॉलोनी निवासी शालिनी सिक्का के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शालिनी सिक्का बुधवार को बांके बिहारी जी के दर्शन के लिए वृंदावन आई थीं। दर्शन के बाद जैसे ही वह गेट नंबर 4 के समीप पहुंचीं, अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद शालिनी सिक्का को मृत घोषित कर दिया। जिला संयुक्त चिकित्सालय के डॉक्टर विनीत यादव ने बताया कि महिला को बांके बिहारी मंदिर के गेट नंबर 4 से मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। डॉक्टर के मुताबिक, मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल सकता था।

हालांकि, महिला के साथ आए लोगों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव को दिल्ली ले जाने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि शालिनी सिक्का दिल्ली में अकेली रहती थीं और उनके साथ उनका ड्राइवर व केयरटेकर वृंदावन आया था। उनका एक भाई भी है।

अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बाद केयरटेकर ने महिला के भाई को फोन पर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन और केयरटेकर बिना पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी कराए शव को लेकर दिल्ली रवाना हो गए।

फिलहाल बुजुर्ग महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण मौत के कारणों की चिकित्सकीय पुष्टि भी नहीं हो पाई है।

Previous News

अयोध्या में बंदर ले उड़ा 42 हजार रुपये! पुलिस ने केले का लालच देकर ऐसे बरामद की रकम

Next News

मथुरा में चलती बस से गिरा यात्री, सिर में आई गंभीर चोट - बस चालक फरार