गुजरात के सूरत में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का गंभीर मामला सामने आया है। रेस्टोरेंट से खाना खाने के बाद एक ही परिवार के 5 लोग बीमार पड़ गए। हालत बिगड़ने पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 5 साल की बच्ची आर्या की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, परिवार ने वराछा इलाके के एक रेस्टोरेंट से पनीर और काजू की सब्जी मंगाकर खाई थी। इसके बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने लगी। माता-पिता और एक अन्य बच्ची का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां खराब और बासी खाद्य सामग्री मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद अधिकारियों ने रेस्टोरेंट को बंद कर दिया। मामले में फूड सेफ्टी एक्ट के तहत कार्रवाई भी की गई है।
इस घटना के बाद खाने की गुणवत्ता और रेस्टोरेंट की साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि परिवार के बीमार पड़ने और बच्ची की मौत के पीछे वास्तव में दूषित भोजन की क्या भूमिका थी।