मथुरा। मंगलवार को राजीव भवन स्थित सभागार में सिंचाई बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दूर-दराज क्षेत्रों से आए दर्जनों किसानों ने भाग लेकर सिंचाई से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
सिंचाई समिति के अध्यक्ष सुधीर रावत के नेतृत्व में आयोजित बैठक में सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान किसानों ने अपने खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के साथ-साथ नहर और बंबों की सफाई कराने की मांग रखी। किसानों ने बताया कि कुछ स्थानों पर नहर और बंबों पर अतिक्रमण भी किया जा रहा है, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
किसानों ने सिंचाई समिति के अध्यक्ष के समक्ष नहर-बंबों से अतिक्रमण हटाने, सफाई कराने और टेल तक पानी पहुंचाने की मांग प्रमुखता से रखी। किसानों का कहना था कि समय पर पानी उपलब्ध होने से फसलों की सिंचाई में सुविधा होगी।
सिंचाई समिति के अध्यक्ष सुधीर रावत ने बताया कि बैठक में किसानों की ओर से रखी गई सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नए सत्र में सिंचाई बंधु की यह दूसरी बैठक आयोजित की गई है, जिसमें किसानों की समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों की ओर से किसानों को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया है।