रामनगर उत्तराखंड के रामनगर में बाघ के खौफनाक शिकार का वीडियो सामने आया है। गर्जिया के झूलापुल क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बाघ ने घोड़े को अपना शिकार बना लिया और उसे जबड़ों में दबाकर जंगल की ओर खींच ले गया। घटना के दौरान आसपास लोगों की आवाजाही भी थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि घटना रामनगर फॉरेस्ट डिवीजन की कोसी रेंज के गर्जिया क्षेत्र की है। वायरल वीडियो में बाघ घोड़े को मुंह में दबाए तेजी से जंगल की तरफ ले जाता दिखाई दे रहा है। आसपास मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों में चिंता बढ़ गई है, क्योंकि गर्जिया क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बनी रहती है। जंगल के नजदीक आबादी वाले इलाके में बाघ की इस तरह मौजूदगी से मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा भी बढ़ गया है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। लोगों से जंगल के आसपास सतर्क रहने और पालतू पशुओं को खुले में न छोड़ने की अपील की गई है। फिलहाल घोड़े का शिकार करते बाघ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।