Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 17 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
नौहझील में कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम में विवाद, युवा नेताओं ने जिलाध्यक्ष पर लगाए अनदेखी के आरोप

मथुरा के नौहझील में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद, धक्का-मुक्की और हाथापाई का मामला सामने आया है। कार्यक्रम में कर्नाटक से आईं कांग्रेस नेता डॉ. अंजलि मुख्य रूप से मौजूद थीं। कार्यक्रम के बाद पूर्व NSUI आगरा मंडल अध्यक्ष एवं प्रदेश सचिव बिशंभर सिंह ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

बिशंभर सिंह का आरोप है कि कार्यक्रम में 18 से 35 वर्ष की उम्र के युवाओं और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई। उन्होंने बताया कि जब डॉ. अंजलि से मिलने के लिए पांच-पांच लोगों के समूह को ऊपर भेजा जा रहा था, तब कथित तौर पर 35 वर्ष से कम उम्र के कई युवाओं को ऊपर जाने से रोक दिया गया।

उन्होंने जिलाध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि जमीनी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय संगठन की स्थिति की पर्याप्त जानकारी नहीं होने के बावजूद युवाओं की उपेक्षा की जा रही है। बिशंभर सिंह ने जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि मामले की शिकायत AICC और PCC स्तर तक की जाएगी। साथ ही उन्होंने लखनऊ और दिल्ली में धरना-प्रदर्शन करने की बात भी कही।

प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय नेता के मुताबिक, जब कुछ बुजुर्ग और दलित कार्यकर्ताओं ने 35 वर्ष से कम उम्र के युवाओं को भी कार्यक्रम में अंदर जाने देने की पैरवी की, तो दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं के बीच अभद्र भाषा और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद विवाद ने धक्का-मुक्की और हाथापाई का रूप ले लिया।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि सोशल मीडिया से लेकर धरातल तक सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं की अनदेखी से पार्टी संगठन को नुकसान हो सकता है। युवा नेताओं ने कहा है कि वे इस पूरे मामले को पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुंचाएंगे और संगठन में युवाओं को उचित सम्मान व जिम्मेदारी देने की मांग करेंगे।

हालांकि, लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। पार्टी के भीतर हुए इस विवाद के बाद अब मामला कांग्रेस के प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचने की बात कही जा रही है।

Previous News

ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा, करंट की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत