Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 17 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
खाद-बीज विक्रेता की शिकायत लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे ग्रामीण, अभद्रता और ब्लैक में खाद बेचने का आरोप

सरकार की ओर से किसानों को उचित मूल्य पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए जगह-जगह अधिकृत खाद-बीज विक्रेताओं की दुकानें संचालित की जा रही हैं। लेकिन कुछ दुकानदारों पर किसानों से मनमानी कीमत वसूलने और निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर खाद बेचने के आरोप सामने आते रहते हैं।

ऐसा ही एक मामला मथुरा के थाना महावन क्षेत्र के गांव कारब से सामने आया है। सोमवार को गांव के कई ग्रामीण खाद-बीज विक्रेता की शिकायत लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने दुकानदार पर अभद्र व्यवहार करने और ब्लैक में खाद बेचने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीण छत्रपाल और करुआ ने आरोप लगाया कि खाद-बीज विक्रेता किसानों को निर्धारित उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध नहीं करा रहा था और महंगे दामों पर खाद बेच रहा था। ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत प्रशासन से किए जाने के बाद अधिकारी मौके पर जांच के लिए पहुंचे।

ग्रामीणों का आरोप है कि जांच के दौरान गांव में लोग एकत्रित हो गए, जिसके बाद दुकानदार ने कथित तौर पर ग्रामीणों के साथ विवाद करते हुए पथराव और मारपीट कर दी। इस घटना में करुआ को गंभीर चोटें आने की बात कही गई है।

घटना से नाराज गांव के लोग सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत करते हुए दुकानदार के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से किसानों को खाद-बीज निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराने और घटना में दोषी लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है।

Previous News

मथुरा में एक ही परिवार के 3 सदस्य लापता, 7 वर्षीय बेटे समेत माता-पिता की तलाश में परिजन परेशान

Next News

ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा, करंट की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत