नई दिल्ली भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने संगठन में कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। नई टीम में वसुंधरा राजे, राम माधव और स्मृति ईरानी जैसे बड़े नाम शामिल हैं। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
पूर्व राजस्थान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनके साथ तीरथ सिंह रावत, बैजयंत पांडा समेत कुल 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। नई टीम में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरिश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है।
बीजेपी के संगठन महामंत्री बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बने रहेंगे। शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) बनाया गया है। पार्टी ने इसके अलावा 16 राष्ट्रीय सचिवों समेत कई अन्य संगठनात्मक पदों पर भी नियुक्तियां की हैं।
नितिन नबीन की नई टीम में अनुभव और अलग-अलग राज्यों के नेताओं को जगह दी गई है। इसे पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास तौर पर उत्तर प्रदेश के लिए स्मृति ईरानी और हरिश द्विवेदी समेत कई नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में अहम भूमिका मिलना चर्चा में है।