महावन/बलदेव। थाना बलदेव क्षेत्र के गांव कासिमपुर निवासी 22 वर्षीय अजीत सिंह पुत्र ठकुरी सिंह ने पत्नी से विवाद के बाद शनिवार देर रात कंजौली घाट स्थित यमुना पुल से उफनती यमुना में छलांग लगा दी। घटना के करीब 12 घंटे बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस, पीएसी और एसडीआरएफ की टीमें तीन नावों की मदद से लगातार यमुना में युवक की तलाश कर रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार अजीत सिंह की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व आगरा क्षेत्र की युवती से हुई थी। पत्नी के मायके में रहने के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि अजीत अपनी पत्नी को वापस लाने का प्रयास कर रहा था। दो दिन पूर्व उसका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उसने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाए थे। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया गया कि शनिवार को पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद के बाद अजीत गांव से कंजौली घाट की ओर चला गया। कुछ लोगों ने उसे रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह उनकी पकड़ से निकलकर पुल पर पहुंच गया और यमुना में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बलदेव पुलिस मौके पर पहुंची और खोज अभियान शुरू कराया। स्टीमर, नाव और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है। यमुना का जलस्तर बढ़ा होने और तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव दल को अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। तहसील प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है।
अजीत सिंह जयपुर के एक होटल में निजी नौकरी करता है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद बनी हुई है।
थानाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद अजीत सिंह शनिवार देर रात यमुना में कूद गया था। यमुना का जलस्तर बढ़ा हुआ है और तेज बहाव के कारण तलाश में परेशानी आ रही है। पीएसी और एसडीआरएफ की तीन टीमें तीन नावों के माध्यम से लगातार युवक की तलाश कर रही हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।