पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के सात राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। जालंधर में कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के आवास की दीवारों पर ‘गद्दार’ लिखकर अपना आक्रोश जताया। वहीं लुधियाना में भाजपा में शामिल हुए सांसद राजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की दीवार पर भी इसी तरह की टिप्पणी दर्ज की गई।
इस घटनाक्रम के बाद राज्य में आप कार्यकर्ताओं के बीच भारी नाराजगी देखी जा रही है। पार्टी के भीतर ही असंतोष और विरोध की स्थिति बन गई है, जबकि कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन और नाराज़गी जाहिर की है।
इसी बीच, पूर्व नेता और हाल ही में भाजपा में शामिल हुए एडवोकेट एच.एस. फुलका ने कहा कि पंजाब में नेतृत्व को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और पार्टी छोड़ने वाले नेताओं के फैसले पर चर्चा तेज है।
वहीं, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने इस घटनाक्रम को ‘निंदनीय’ बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे झटकों से कमजोर नहीं होगी और इन सांसदों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
पंजाब की राजनीति में इस घटनाक्रम के बाद आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी तेज हो गई है, जिससे सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है।