वृंदावन। हरियाली तीज के पावन पर्व पर सप्त देवालयों में प्रमुख ठाकुर राधा दामोदर मंदिर में भव्य झूलन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को फूल-पत्तियों और हरियाली से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे मंदिर की छटा देखते ही बन रही थी।
हरियाली तीज के अवसर पर ठाकुर राधा दामोदर लाल को विशेष श्रृंगार कराया गया और लकड़ी व फूलों से तैयार किए गए सुंदर खुले झूले में विराजमान कराया गया। ठाकुर जी के मनमोहक स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर के सेवायत निताई गोस्वामी ने बताया कि आचार्य तरुण गोस्वामी महाराज के सानिध्य में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी झूलन महोत्सव का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि ब्रज की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा में सावन मास के झूलन उत्सव का विशेष महत्व है।
महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के झूलन स्वरूप के दर्शन कर खुद को धन्य माना।