मथुरा। रविवार को डैंपियर नगर स्थित पार्क में लोधी समाज की ओर से वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में लोधी समाज के सैकड़ों लोग एकत्रित हुए और सभी ने रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में पहुंचे समाज के वरिष्ठजनों का पटुका पहनाकर जोशीला स्वागत किया गया। इस दौरान रानी अवंतीबाई लोधी के सम्मान में ‘अमर रहें’ के नारे भी लगाए गए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने वीरांगना के साहस और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
लोधी समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बताया कि समाज के लोग हर वर्ष रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती को एकजुट होकर मनाते हैं। उन्होंने कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी एक वीरांगना थीं, जिन्होंने देश की आजादी और सम्मान के लिए संघर्ष किया।
वहीं, लोधी समाज के युवा नेता निर्भय सिंह लोधी ने कहा कि डैंपियर नगर स्थित पार्क में रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापित है। अब समाज की ओर से वृंदावन के चैतन्य विहार चौराहे पर भी रानी अवंतीबाई लोधी की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के लोगों से इस पहल में सहयोग करने की अपील की।