80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मथुरा के विभिन्न सरकारी विभागों और कार्यालयों में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इसी क्रम में राजीव भवन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद CDO डॉ. पूजा गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि जनता दर्शन के दौरान राजीव भवन पहुंचने वाले आमजन से सहानुभूतिपूर्वक बातचीत की जाए और उनकी समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा अपने कर्तव्यों का समय से और पूरी निष्ठा के साथ पालन करना ही देश की सच्ची सेवा है। उन्होंने सभी से ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण अरुण कुमार उपाध्याय, विजय कुमार पाण्डेय, उपायुक्त स्वतः रोजगार इंद्रपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजीव भवन परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का माहौल देखने को मिला। अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनहित में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।